रोहतास, मिथिलेश कुमार, 24 जनवरी 2025: लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के प्रणेता और चर्चित आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने आज रोहतास जिले के डिहरी में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बिहार में स्टार्टअप और उद्यमिता के तहत युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित अभियान के बारे में चर्चा की।
विकास वैभव ने कहा, “रोहतास ने वह परिवर्तन देखा है, जिसे पहले असंभव माना जाता था। इस मुहिम के माध्यम से मैं बिहार के सभी युवाओं को प्रेरित कर रहा हूं कि वे अपने सत्य को जानें। प्राचीन काल में बिहार अग्रणी राज्य था, और इसका कारण हमारी सोच थी। इसी सोच को पुनः प्रोत्साहित करने के लिए छोटे-छोटे कार्यक्रमों के माध्यम से बिहार के प्रत्येक व्यक्ति तक यह संदेश पहुंचाने की कोशिश की जा रही है कि बिहार को बदलने के लिए स्टार्टअप और उद्यमिता की क्रांति लानी होगी।”
उन्होंने यह भी बताया कि रोहतास के सासाराम में 1 दिसंबर 2024 को “नमस्ते बिहार” कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ था, और 9 फरवरी 2025 को वैशाली के हाजीपुर में एक और बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में बिहार के प्राचीन और वर्तमान स्थिति की चर्चा की जाएगी, और यह बताया जाएगा कि कैसे बिहार में स्टार्टअप और उद्यमिता के जरिए क्रांति लाई जा सकती है।
विकास वैभव ने कहा, “आज बिहार में जाति और संप्रदाय के नाम पर संघर्ष हो रहे हैं। हमें यह समझने की आवश्यकता है कि जहां हमें होना चाहिए था, हम वहां नहीं पहुंचे। राज्य की पिछड़ी स्थिति को देखते हुए, हम यह प्रयास कर रहे हैं कि कैसे बिहार को एक विकसित राज्य बनाया जा सकता है। हम बिहार के हर युवा को प्रेरित करना चाहते हैं ताकि वे उद्यमिता की क्रांति में शामिल हों।”
उन्होंने आगे कहा, “लेट्स इंस्पायर अभियान को अब 4 साल हो चुके हैं, और 22 मार्च 2025 को पटना के बापू सभागार में एक बड़े आयोजन के तहत हम सभी लोग विकसित बिहार के लिए संकल्प लेंगे।”
राजनीतिक अभियानों और 2025 विधानसभा चुनावों में उनकी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर, विकास वैभव ने कहा, “यह एक बहुत बड़ा अभियान है जिसका लक्ष्य केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है। हमारा उद्देश्य 2047 तक एक विकसित भारत और विकसित बिहार का निर्माण करना है। यह अभियान हर विचारधारा के लोगों को एक साथ जोड़कर समाज, संस्कृति, और शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाने का है।”
इस अभियान के जरिए, विकास वैभव बिहार के हर वर्ग को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं ताकि राज्य के विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।